अवैध खनन माफिया के खिलाफ कार्रवाई को लेकर सुर्खियों में रहे वन विभाग के अधिकारी राजीव नयन नौटियाल को उत्तराखंड पुलिस ने एक गंभीर आपराधिक मुकदमे में गिरफ्तार कर लिया है। राजीव नयन नौटियाल पर विवाह के नाम पर कथित धोखाधड़ी, फर्जी तलाक के दस्तावेज दिखाकर शादी करने, शारीरिक शोषण, दहेज उत्पीड़न और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगे थे जिसके बाद कोतवाली विकासनगर पुलिस ने गुरुवार तड़के 16 जुलाई 2026 को रात 12:40 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार 12 जुलाई 2026 को ऋषिकेश निवासी प्रिया डोभाल की तहरीर पर मु0अ0सं0 201/2026 धारा 64, 115(2), 316(1), 318(4), 351(3), 352, 64, 81, 82, 83 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पीड़िता का आरोप है कि राजीव नयन नौटियाल ने स्वयं को तलाकशुदा बताते हुए कथित रूप से फर्जी तलाक संबंधी दस्तावेज दिखाए और उसी आधार पर उससे सगाई एवं विवाह किया। विवाह के बाद उसे पता चला कि आरोपी का अपनी पहली पत्नी से कानूनी रूप से तलाक हुआ ही नहीं था। आरोप है कि आरोपी ने इस तथ्य को छिपाकर उसके साथ विवाह किया और धोखे से शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि विवाह के बाद आरोपी और उसके परिवार द्वारा दहेज की मांग की गई एवं दहेज ना देने की स्थिति में पीड़िता के भाई के मकान की माँग की गई तथा विरोध करने पर उसके साथ मारपीट, मानसिक उत्पीड़न और जान से मारने की धमकी दी गई।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी ने अपने पूर्व विवाह और तलाक की वास्तविक स्थिति कथित रूप से छिपाई थी। जांच में यह भी पाया गया कि आरोपी का अपनी पहली पत्नी से तलाक विधिक रूप से संपन्न नहीं हुआ था, जबकि उसने स्वयं को तलाकशुदा बताकर दूसरा विवाह किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहली पत्नी भी पहले उसके विरुद्ध मारपीट, मानसिक उत्पीड़न और दहेज प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज करा चुकी है। उस मामले में पुलिस जांच पूरी कर आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल कर चुकी है। अब दूसरी महिला की शिकायत सामने आने के बाद आरोपी की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
मामले की विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने 16 जुलाई 2026 को रात्रि 12:40 बजे आरोपी राजीव नयन नौटियाल (41 वर्ष), निवासी दिनकर विहार, विकासनगर, जनपद देहरादून को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
गौरतलब है कि राजीव नयन नौटियाल वही वन अधिकारी हैं खनन माफिया केस की कार्यवाही में नाम बहुत चर्चा में था एवं जिन्होंने कुछ माह पूर्व अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान अपने ऊपर जानलेवा हमला होने का मुकदमा दर्ज कराया था। उस मामले में उन्होंने आरोप लगाया था कि खनन माफिया ने उन पर हमला किया, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई और उनकी जान लेने का प्रयास किया।