उत्तराखंड को CM धामी का तोहफा: ₹171 करोड़ की विकास परियोजनाओं को दी मंजूरी, शहीदों के नाम पर होंगी कई सड़कें
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में आधारभूत ढांचे और विभिन्न विकास योजनाओं को गति देने के लिए 171 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की। इस धनराशि से प्रदेश के कई विधानसभा क्षेत्रों में सड़क निर्माण, चंपावत में सिटी सेंटर निर्माण, अतिथि गृहों के पुनर्निर्माण तथा देहरादून की यातायात व्यवस्था सुधारने के कार्य किए जाएंगे।
राज्य योजना के तहत जनपद बागेश्वर में सातरतवे-सिगी नरगोल होते हुए गिरेछीना मिलान मोटर मार्ग के निर्माण के लिए 3.35 करोड़, जनपद चमोली के केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र में कालीमठ-कोटमा-जाल-चौमासी मोटर मार्ग के सुधारीकरण के लिए 3.75 करोड़, पौड़ी गढ़वाल के लैंसडान क्षेत्र में पैयागढ़ी रजबौ मल्ला दियोड मोटर मार्ग निर्माण के लिए 4.27 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।
जनपद चंपावत के लोहाघाट क्षेत्र में किमतोली-रौशाल मोटर मार्ग पर हाटमिक्स कार्य के लिए 12.15 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। इसके साथ ही रोडवेज स्टेशन चंपावत में आधुनिक स्टोरी पार्किंग और शापिंग काम्पलेक्स (सिटी सेंटर) के निर्माण के लिए 62.33 करोड़ की मंजूरी दी गई।