उत्तराखंड विस सत्र: सुगम, सुरक्षित चारधाम यात्रा सरकार की प्राथमिकता, यमुनोत्री में 127 विकास कार्य जारी
सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित चारधाम यात्रा सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है। यात्रा की तैयारियों के दृष्टिगत तमाम व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। संसदीय कार्यमंत्री सुबोध उनियाल ने सदन में विपक्ष के विधायकों की ओर से दी गई कार्यस्थगन की सूचना के माध्यम से उठाए गए विषय का जवाब देते हुए यह बात कही। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण में कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा है। पंजीकरण की व्यवस्था यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत की गई है।
संसदीय कार्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा काे लेकर सरकार पूरी तरह से संवेदनशील है। सरकार की ओर से उठाए जा रहे कदमों का प्रतिफल है कि साल-दर-साल चारधाम में दर्शन को आने वाले यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गाें पर भीड़ प्रबंधन, स्वच्छता, स्वास्थ्य, पार्किग समेत अन्य व्यवस्थाओं समेत सभी कार्य 31 मार्च तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
इससे पहले कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला ने सरकार पर आरोप लगाया कि चारधाम यात्रा की व्यवस्था का लेकर सरकार गंभीर नहीं है। उन्होंने आनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था खत्म करने, धामों में दर्शन के लिए कैपिंग न रखने, वाहनों के ग्रीन कार्ड छह माह के लिए बनाने समेत अन्य मांगें रखीं। विधायक विक्रम सिंह ने यात्रा के संचालन में अनुभवी अधिकारियोँ-कर्मचारियों को लगाने पर जोर दिया।